26 October 2026

खड़गे की विवादित टिप्पणी पर सीएम धामी ने कांग्रेस को घेरा, बोले—चुनावी हार के बाद भी नहीं बदली राजनीति 

0
IMG_20261026_101915

खड़गे की विवादित टिप्पणी पर सीएम धामी ने कांग्रेस को घेरा, बोले—चुनावी हार के बाद भी नहीं बदली राजनीति

 

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए कथित विवादित बयान पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तीखा हमला बोला है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस की राजनीति को व्यक्तिगत अपमान और अमर्यादित टिप्पणियों तक सिमटा बताते हुए कहा कि जनहित के मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय कांग्रेस बार-बार व्यक्तिगत टिप्पणियों के जरिए राजनीति कर रही है।

 

दरअसल, एक राजनीतिक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी को लेकर खड़गे की टिप्पणी के बाद सियासी घमासान तेज हो गया है। कार्यक्रम में जब भीड़ की ओर से ‘मोदी नहीं जाएगा’ की बात कही गई, तो खड़गे ने जवाब में कथित तौर पर कहा, ‘मोदी का बाप भी जाएगा।’ इस टिप्पणी को लेकर मुख्यमंत्री धामी ने कड़ा विरोध जताया है और कांग्रेस की राजनीतिक भाषा पर सवाल उठाए हैं।

 

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा प्रधानमंत्री मोदी के पिता को लेकर की गई कथित अभद्र टिप्पणी कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि कभी प्रधानमंत्री मोदी की पूज्य माता जी को लेकर विवादित टिप्पणियां की जाती हैं, कभी उन्हें ‘मौत का सौदागर’ कहा जाता है और कभी ‘चायवाला’ कहकर उनकी साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि का उपहास उड़ाया जाता है।

 

सीएम धामी ने सवाल उठाया कि आखिर कांग्रेस की राजनीति कब तक व्यक्तिगत अपमान और अमर्यादित टिप्पणियों के सहारे चलती रहेगी? उन्होंने कहा कि लगातार चुनावी पराजयों के बावजूद कांग्रेस जनहित के मुद्दों पर आत्ममंथन करने के बजाय व्यक्तिगत टिप्पणियों को अपनी राजनीति का आधार बना रही है।

 

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक विरोध का पूरा अधिकार है, लेकिन विरोध की आड़ में किसी के माता-पिता और परिवार को निशाना बनाना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकता। राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा और लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान बनाए रखना सभी दलों की जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed