29 October 2026

पहले बिहार में सड़कें नहीं होती थीं, लेकिन आज बड़े-बड़े एक्सप्रेसवे बन रहे हैं : धामी  

0
IMG-20251030-WA0129

 

पहले बिहार में सड़कें नहीं होती थीं, लेकिन आज बड़े-बड़े एक्सप्रेसवे बन रहे हैं : धामी

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को बिहार विधानसभा चुनाव के तहत हरसिद्धि विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी श्री कृष्णनंदन पासवान के समर्थन में विशाल जनसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री धामी को सुनने के लिए भारी संख्या में लोग एकत्र हुए। उन्होंने कहा कि कृष्णनंदन पासवान ने मंत्री रहते हुए क्षेत्र के विकास के लिए अनेक कार्य किए हैं और अब इस विकास यात्रा को गति देने का समय जनता के हाथ में है। उन्होंने पासवान को पुनः विधायक बनाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों को मजबूत करने का आवाहन किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज हर व्यक्ति के जीवन को ऊपर उठाने के लिए कार्य हो रहे हैं। बिहार तेजी से विकास की ओर अग्रसर है। आज बिहार में नए उद्योग लग रहे हैं, युवाओं को घर के पास ही रोजगार मिल रहा है, नई सड़कें और फ्लाईओवर बन रहे है और नई रेलें चल रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बिहार में विकास की नई क्रांति का सूत्रपात हुआ है। चार लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं पर काम हो रहा है। हवाई सेवा में दो हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश हुआ है। पहले बिहार में सड़कें नहीं होती थीं, लेकिन आज बड़े-बड़े एक्सप्रेसवे बन रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने बिहार के रेल बजट में 10 गुना से अधिक की बढ़ोतरी की है। बिहार को 20 नई वंदे भारत ट्रेनों की सौगात मिली है, पटना में मेट्रो का संचालन शुरू हो गया है और दरभंगा में नया हवाई अड्डा बन रहा है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ये नए आयाम बिहार के परिदृश्य को बदल रहे हैं। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में पिछड़े और अति पिछड़े समाज के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। आयुष्मान योजना और मुफ्त राशन जैसी योजनाओं के माध्यम से हर वर्ग को सशक्त बनाया जा रहा है।

कांग्रेस पर प्रहार करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में गरीबी हटाओ के नारे देकर गरीबों को हटा दिया जाता था, लेकिन आज मोदी सरकार धरातल पर काम कर रही है। इसी का परिणाम है कि अब तक 30 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और आरजेडी का मिशन घपले और घोटालों से अपने परिवार की तिजोरियां भरना रहा है। उन्हें बिहार के बच्चों की नहीं, अपने बच्चों की चिंता है। जिनका भ्रष्टाचार का लंबा रिकॉर्ड रहा है, वे बिहार का विकास नहीं कर सकते।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आज बिहार जंगलराज और नक्सलवाद से मुक्त है, परिवारवाद की राजनीति का अंत हो चुका है। लालू-राबड़ी के शासनकाल में नरसंहार रोज की बात थी, लेकिन आज बिहार की पहचान विकास और सुशासन से हो रही है। उन्होंने कहा कि पहले उद्योगपति बिहार में निवेश नहीं करना चाहते थे, परंतु आज बिहार की जीडीपी में उद्योगों की भागीदारी 33 प्रतिशत से अधिक है।

तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि “तेजस्वी उर्फ गप्पू भइया कहते हैं कि राज्य में वक्फ कानून लागू नहीं होने देंगे। इसे संसद की मंजूरी मिली है, जिसे आपका परिवार कभी नहीं रोक सकता। आपका मुगल प्रेम आपको सत्ता में नहीं ला सकता। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अब यह बिहार की जनता तय करेगी कि उन्हें पूरा बिहार संभालने वाले लोग चाहिए या केवल अपने परिवार की चिंता करने वाले।

मुख्यमंत्री धामी के उद्बोधन के दौरान सभास्थल “मोदी-धामी-नीतीश सरकार ज़िंदाबाद” और “धाकड़ धामी ज़िंदाबाद” के नारों से गूंज उठा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed